हरिद्वार,
जनपद में कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में एसएसपी ने अधिकारियों से परिचय प्राप्त करते हुए उनके सर्किल और थानों की विस्तृत जानकारी ली तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी सूचना तंत्र और समन्वय को मजबूत रखें। साइबर फ्रॉड के मामलों में तत्काल मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फरियादियों की समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक थाना प्रभारी जनता से मिलने का तय समय निर्धारित करे, ताकि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक परेशानी न हो। यदि थाना प्रभारी किसी कारण से अनुपस्थित हों तो जिम्मेदारी सक्षम अधिकारी को सौंपते हुए लौटने पर स्वयं शिकायतों की समीक्षा करें।
नशे के खिलाफ अभियान तेज करने के निर्देश
बैठक में बढ़ते नशे के मामलों पर एसएसपी ने गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि केवल नशे में पकड़े गए आरोपियों तक सीमित न रहें, बल्कि नशे की सप्लाई चेन के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर कार्रवाई करें। इसे सभी थाना प्रभारियों की प्राथमिकता बताया गया।
नियमित चेकिंग और त्वरित सूचना पर जोर
निर्देश दिए गए कि प्रत्येक सर्किल में सुबह और शाम नियमित चेकिंग अनिवार्य रूप से कराई जाए, जिसकी समीक्षा पुलिस अधीक्षक नगर और देहात स्वयं करेंगे। किसी भी घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।