देहरादून ,
जनपद में विभिन्न मुद्दों को लेकर होने वाले धरना-प्रदर्शनों और रैलियों के मद्देनज़र देहरादून के एसएसपी ने ग्राउंड जीरो पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उन क्षेत्रों और मार्गों का जायजा लिया जो प्रदर्शनों/रैलियों से प्रभावित हो सकते हैं।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों से धरना-प्रदर्शनों व रैलियों के समय किए जाने वाले सुरक्षा प्रबंधों तथा बैरिकेडिंग व्यवस्था की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इसके बाद अधिकारियों के साथ बैठक कर समूची सुरक्षा योजना की समीक्षा की गई।
एसएसपी ने निर्देश दिए कि धरना-प्रदर्शनों और रैलियों के दौरान पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही यह विशेष ध्यान रखा जाए कि पुलिस व्यवस्था से आम जनता और स्कूली बच्चों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यदि किसी मार्ग पर प्रदर्शन के कारण यातायात बाधित करना पड़े तो इसकी सूचना समय रहते व्यापक रूप से प्रसारित की जाए।
बैठक एवं निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात, क्षेत्राधिकारी नगर/डालनवाला/यातायात, निरीक्षक डालनवाला/यातायात सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।