देहरादून ,
प्रदेश में हालिया घटनाओं के बीच कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए और किसी भी दोषी को बख्शा न जाए।
सीएम ने वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी हो और जांच निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शांति, कानून व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, साजिश या अराजकता को सख्ती से कुचला जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वालों पर भी जवाबदेही तय की जाएगी।
सीएम ने पुलिस को निर्देशित किया कि अपराध पर नियंत्रण के लिए इंटेलिजेंस तंत्र को मजबूत किया जाए, संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाए और सोशल मीडिया पर भ्रामक या उकसाने वाली गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि राज्य में कानून का राज सर्वोपरि है और व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।