विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी 2025: वॉलीबॉल में श्री गुरु राम राय लक्ष्मण इंटर कॉलेज अव्वल

देहरादून ,

श्री गुरु राम राय लक्ष्मण इंटर कॉलेज, देहरादून के खेल मैदान में आयोजित दो दिवसीय विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी 2025 का सफल समापन हो गया। युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के लगभग 500 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंतर्गत वॉलीबॉल, पिट्ठू, कबड्डी, मुर्गा झपट, एथलेटिक्स एवं खो-खो जैसी विभिन्न खेल विधाओं का आयोजन किया गया।

सोमवार को आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय विधायक श्री विनोद चमोली के प्रतिनिधि श्री सुशील गुप्ता उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राकेश मोहन डबराल ने की। अपने संबोधन में प्रधानाचार्य श्री डबराल ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों के माध्यम से अनुशासन, आत्मसंयम, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, जो जीवन में सफलता के लिए आवश्यक है।

अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन के माननीय प्रबंधक के प्रतिनिधि श्री चंद्र मोहन सिंह पयाल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में पार्षद आलोक कुमार (देहराखास), पार्षद श्री रमेश गौड़, खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती हेमलता गौड़ उनियाल, युवा कल्याण अधिकारी श्रीमती विनिता नौटियाल, विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री आर.एम. डबराल, श्री अश्वनी भट्ट, आदर्श डबराल एवं विनोद पंवार शामिल रहे।

प्रतियोगिता के परिणामों में अंडर-14 बालक वर्ग की 60 मीटर दौड़ में जुनैद ने प्रथम, प्रियांशु ने द्वितीय और अंशुल गुप्ता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-14 बालक वर्ग की 600 मीटर दौड़ में सोनू प्रथम, अथर्व द्वितीय तथा विवेक तृतीय स्थान पर रहे। अंडर-14 वॉलीबॉल प्रतियोगिता में श्री गुरु राम राय लक्ष्मण इंटर कॉलेज ने विजेता ट्रॉफी अपने नाम की।

अंडर-19 बालक वर्ग कबड्डी में केवीआईआईपी ने विजेता ट्रॉफी जीती, जबकि गांधी इंटर कॉलेज उपविजेता रहा। अंडर-19 बालिका वर्ग कबड्डी में भी केवीआईआईपी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सनातन धर्म इंटर कॉलेज बन्नू स्कूल को पराजित कर खिताब अपने नाम किया।

आयोजन के दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए श्री महंत इंदिरेश अस्पताल के सौजन्य से मेडिकल टीम तैनात रही, जबकि श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय की ओर से खिलाड़ियों को जलपान वितरित किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से खिलाड़ियों में उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *