देहरादून ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के कार्यों की समीक्षा की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य के दोनों मंडलों में उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण बहुउद्देशीय/सामुदायिक भवन का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित बहुउद्देशीय भवनों में बैंकट हॉल, गेस्ट हाउस, सभागार, प्रशिक्षण कक्ष, बैठक कक्ष सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि सामाजिक, शैक्षिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों का प्रभावी संचालन हो सके। उन्होंने अधिकारियों को इन भवनों की डीपीआर शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने ओबीसी बाहुल्य क्षेत्रों में राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर देते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं।
उन्होंने निर्देश दिए कि ओबीसी बाहुल्य क्षेत्रों में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जाए तथा नियमित समीक्षा के माध्यम से प्रगति की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि लाभार्थियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर योजनाओं में आवश्यक सुधार किए जाएं, जिससे उनका लाभ अधिक प्रभावी रूप से आमजन तक पहुंच सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और अन्य पिछड़ा वर्ग के उत्थान हेतु शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।