देहरादून ,
देहरादून के सुभाष नगर क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक प्लाट में इकट्ठा किए गए टेंट और शामियाने के सामान में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि आसपास के रिहायशी मकानों तक पहुंच गईं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, फायर कंट्रोल रूम को क्लेमेनटाउन सुभाष नगर स्थित नरेन्द्र टेंट हाउस (मालिक—नरेन्द्र कुमार पुत्र शिव प्रसाद) के प्लाट में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, जहां देखा गया कि आग तेजी से फैल रही थी और लपटें पास के घरों तक पहुंच चुकी थीं।
आग में फोल्डिंग टेबल, बर्तन, टेंट, भट्टियां, मैट, रजाई-गद्दे सहित बड़ी मात्रा में सामान जल गया। फायर टीम ने करीब 30 हजार लीटर पानी का इस्तेमाल कर कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आगे फैलने से रोका।
बड़ोवाला में भी लगी आग
इसी दिन बड़ोवाला क्षेत्र के गोरखपुर चौक के पास रजाई-गद्दे की एक दुकान में भी आग लगने की घटना सामने आई। फायर यूनिट ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुकान का शटर तोड़ा और आग को बुझाया। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।
फायर विभाग द्वारा दोनों घटनाओं के कारणों की जांच की जा रही है।