उत्तरायणी कैथिक महोत्सव 2026 में राज्यपाल की सहभागिता, 10 विशिष्टजन हुए सम्मानित

देहरादून ,

देहरादून के परेड ग्राउंड में सेवा संकल्प फाउंडेशन द्वारा आयोजित उत्तरायणी कैथिक महोत्सव 2026 “संस्कृति से समृद्धि की ओर” में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल श्री गुरमीत सिंह (से.नि.) ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 विशिष्टजनों को सम्मानित किया।

राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि सेवा संकल्प फाउंडेशन संकल्प के साथ निरंतर जनसेवा को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए संकल्प का विशेष महत्व है और हमें अपनी संस्कृति व धरोहर पर गर्व करना चाहिए। राज्यपाल ने फाउंडेशन की संस्थापक श्रीमती गीता धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे निरंतर समाजसेवा के कार्यों को नई दिशा दे रही हैं।

इस अवसर पर श्रीमती गीता धामी ने कहा कि उत्तरायणी महोत्सव उत्तराखंड की जीवंत परंपराओं का प्रतीक है। देहरादून में इस आयोजन से लोगों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और लोग पारंपरिक वेशभूषा में उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि महोत्सव में प्रदेश के सभी जिलों से स्वयं सहायता समूहों की सहभागिता है, जिससे महिलाओं द्वारा बनाए गए उत्पादों को नया बाजार मिल रहा है। साथ ही, लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को जीवंत बनाए हुए हैं।

श्रीमती धामी ने कहा कि ऐसे आयोजनों से एक ओर जहां हम अपनी संस्कृति से जुड़ते हैं, वहीं दूसरी ओर आने वाली पीढ़ियों को भी अपनी विरासत का संदेश देते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्थानीय उत्पादों को मिल रहे प्रोत्साहन और देश की अर्थव्यवस्था की प्रगति का भी उल्लेख किया।

10 विशिष्टजनों को किया गया सम्मानित
उत्तरायणी कौथिक के दौरान समाज सेवा, शिक्षा, कृषि, लोकसंस्कृति और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जिन 10 लोगों को सम्मानित किया गया, उनमें श्री प्रेम प्रकाश बेलवाल (नैनीताल), सुश्री कामिनी कश्यप, सुश्री मनोरमा जोशी (अल्मोड़ा), श्री भवान सिंह कोरंगा, सुश्री प्रेमा रावत (बागेश्वर), श्रीमती कृष्णा (उत्तरकाशी), श्री श्याम चन्द्र टम्टा (पौड़ी), श्री कल सिंह राणा, ब्रिगेडियर दिनेश कुमार (देहरादून) सहित अन्य शामिल रहे।

कार्यक्रम में प्रथम महिला श्रीमती गुरमीत कौर, कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल, मेयर श्री सौरभ थपलियाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *