भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण के लिए मुख्यमंत्री धामी के सख्त निर्देश, एक माह में शून्य स्तर तक लाने का लक्ष्य

मुख्य सचिव और डीजीपी को सभी जनपदों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश

देहरादून ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में भूमि संबंधी विवादों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आनंद बर्धन एवं पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ को निर्देशित किया है कि सभी जनपदों में लंबित भूमि विवादों के समाधान के लिए व्यापक एवं सघन अभियान चलाया जाए तथा समस्त विवादित मामलों का निस्तारण एक माह की समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान के अंत तक भूमि विवादों से जुड़े लंबित मामलों को शून्य स्तर तक लाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि विवाद आम नागरिकों की समस्याओं से सीधे जुड़े होते हैं और इनके कारण कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि ऐसे विवादों का त्वरित, पारदर्शी और न्यायसंगत समाधान किया जाए। अभियान के दौरान संवेदनशील मामलों पर विशेष ध्यान देने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इस विशेष अभियान की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा मुख्य सचिव द्वारा की जाएगी, जिससे निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित हो सके। समीक्षा के आधार पर आवश्यकतानुसार सुधारात्मक कदम भी उठाए जाएंगे।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर तहसील स्तर पर उप जिलाधिकारी (एसडीएम) की अध्यक्षता में समितियों का गठन किया जाए। इन समितियों में संबंधित क्षेत्राधिकारी (सीओ) पुलिस एवं चकबंदी विभाग के अधिकारियों को सदस्य के रूप में शामिल किया जाएगा, ताकि प्रशासनिक, राजस्व और पुलिस के समन्वय से भूमि विवादों का प्रभावी समाधान हो सके।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्वास व्यक्त किया कि इस विशेष अभियान से भूमि विवादों के शीघ्र निस्तारण के साथ आम जनता को राहत मिलेगी और शासन-प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास और अधिक मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *