देहरादून,
प्रदेश भर में जारी शीतकाल के कारण जनपद में शीतलहर का प्रकोप बना हुआ है। भीषण ठंड, पाला और कोहरे से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। भारत मौसम विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार आगामी दिनों तक जिले के अधिकांश क्षेत्रों में प्रातःकाल पाला पड़ने और उथले कोहरे के छाए रहने की संभावना है।
मौसम की इस स्थिति को देखते हुए आम जनमानस, विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई है। इसी के मद्देनजर एहतियातन शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन समय में परिवर्तन करने का निर्णय लिया गया है।
आपदा न्यूनीकरण एवं शीतलहर से बचाव के दृष्टिगत आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30 (2) की उपधारा 5 व 18 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आदेश जारी किया गया है कि जनपद के कक्षा 12 तक के समस्त शासकीय, अर्धशासकीय एवं निजी विद्यालय तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्र 31 जनवरी 2026 तक प्रातः 08:30 बजे के पश्चात ही संचालित किए जाएंगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, देहरादून को निर्देशित किया गया है कि वे जनपद के समस्त शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराएं।