मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया इसे राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि
देहरादून ,
नीति आयोग द्वारा जारी निर्यात तैयारी सूचकांक (Export Preparedness Index – EPI) 2024 में उत्तराखंड ने छोटे राज्यों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त कर देशभर में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। यह उपलब्धि राज्य की निर्यातोन्मुख नीतियों, बेहतर कारोबारी माहौल और सुदृढ़ बुनियादी ढांचे का प्रतिफल मानी जा रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि नीति आयोग के निर्यात तैयारी सूचकांक 2024 में छोटे राज्यों की श्रेणी में शीर्ष स्थान हासिल करना उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सफलता सरकार की उद्योग समर्थक नीतियों, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड के प्रत्येक जिले के विशिष्ट उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हों और राज्य की अर्थव्यवस्था और अधिक सशक्त बने।
नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, निर्यात आर्थिक विकास का एक प्रमुख इंजन है। इससे न केवल विदेशी मुद्रा अर्जित होती है, बल्कि वैश्विक मूल्य श्रृंखलाओं में भागीदारी बढ़ती है और व्यापार घाटे को कम करने में भी मदद मिलती है।
उत्तराखंड का यह शीर्ष स्थान राज्य को निवेश, औद्योगिक विकास और वैश्विक व्यापार में नई संभावनाओं की ओर ले जाने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।