लोक संस्कृति के संरक्षण से मजबूत होगी देवभूमि की पहचान : मुख्यमंत्री

टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर लाने की दिशा में सरकार संकल्पित : मुख्यमंत्री

टिहरी गढ़वाल ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज छाम, टिहरी गढ़वाल में सांस्कृतिक विकास समिति द्वारा आयोजित प्रथम खेलकूद एवं सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया तथा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के अंतर्गत पंजीकरण करवाने वाले लोगों को प्रमाण पत्र वितरित किए।

मुख्यमंत्री ने भगवान नागराजा की पवित्र भूमि को नमन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन लोक-संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सांस्कृतिक पुनर्जागरण का कार्य हो रहा है। अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर, महाकाल कॉरिडोर और बद्रीनाथ–केदारनाथ धाम का भव्य विकास इसका उदाहरण है। राज्य सरकार भी हरिद्वार–ऋषिकेश कॉरिडोर सहित अनेक विकास परियोजनाओं पर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को खेलभूमि के रूप में विकसित किया जा रहा है। खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण देने के लिए स्पोर्ट्स अकादमी की स्थापना की जा रही है। उन्होंने बताया कि टिहरी झील को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के उद्देश्य से ट्रैकिंग, पैराग्लाइडिंग एवं अन्य साहसिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। साथ ही झील के चारों ओर रिंग रोड निर्माण से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने, स्वरोजगार, होम-स्टे, स्वयं सहायता समूह, लखपति दीदी योजना और आयुष वेलनेस सेक्टर के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्यों की सूची में उत्तराखंड को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है, जिसे बनाए रखने के लिए सरकार संकल्पबद्ध है। उन्होंने बताया कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू की गई है और भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को सुरक्षित, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है। अब तक 10 हजार से अधिक सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाया गया है तथा 6 हजार से अधिक अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए हैं। दंगारोधी कानून के तहत दंगाइयों से एक-एक पाई की वसूली की जाएगी। सरकार प्रदेश की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए पूरी दृढ़ता से कार्य करती रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्व. अंकिता भंडारी के परिवार के साथ पहले भी खड़ी थी और आगे भी हर संभव सहयोग करती रहेगी। एसआईटी जांच के बाद दोषियों को न्यायालय द्वारा आजीवन कारावास की सजा दिलाई गई है। सीबीआई जांच की मांग पर भी सरकार ने परिवार की भावनाओं का सम्मान किया है।

इस अवसर पर विधायक प्रीतम सिंह पंवार, विधायक किशोर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विकास योजनाएं तेजी से धरातल पर उतर रही हैं। कार्यक्रम में थौलधार ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र भंडारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *