ऋषिकेश / देहरादून ,
दसम गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला रोड स्थित गुरुद्वारा श्री हेमकुंट साहिब परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर दिनांक 11 जनवरी, रविवार को प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक आयोजित होगा।
स्वास्थ्य शिविर में विभिन्न रोगों के उपचार हेतु लगभग 60 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार दवाइयां, पैथोलॉजिकल जांच, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड आदि की सुविधाएं ट्रस्ट की ओर से पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही स्वैच्छिक रक्तदान को प्रोत्साहित करने के लिए रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा।
स्वास्थ्य शिविर के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया आज दिनांक 06 जनवरी से गुरुद्वारा परिसर में प्रारंभ हो गई है, जो 9 जनवरी तक जारी रहेगी। पंजीकरण के पहले ही दिन 363 जरूरतमंद लोगों ने अपना पंजीकरण कराया।
इस अवसर पर नगर के गणमान्य व्यक्तियों में बूटा सिंह, विक्की सेठी, गुरबचन सिंह सहित गुरुद्वारा ट्रस्ट के कर्मचारीगण उपस्थित रहे और पंजीकरण सेवा में अपना सक्रिय योगदान दिया।