देहरादून,
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनके पिता श्री तरुण प्रसाद चकमा से फोन पर बातचीत की। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी के नेपाल भागने की आशंका है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित कर प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे इस घटना से व्यक्तिगत रूप से अत्यंत दुखी हैं और पीड़ित परिवार के दर्द को समझते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि उत्तराखंड सरकार इस जघन्य अपराध के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में इस तरह की घटनाओं का कोई स्थान नहीं है। यहां देश और विदेश से छात्र शिक्षा ग्रहण करने आते हैं, ऐसे में यह घटना हम सभी के लिए अत्यंत पीड़ादायक है। सरकार ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई करेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने यह भी बताया कि घटना के बाद उन्होंने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा के साथ-साथ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी बातचीत की है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। परिवार की सहायता के लिए वे त्रिपुरा के मुख्यमंत्री से भी समन्वय करेंगे और उत्तराखंड सरकार की ओर से हर संभव मदद प्रदान की जाएगी।
