पांवटा साहिब में 25 दिसंबर को गुरु गोबिंद सिंह जी के 359वें प्रकाश पर्व पर भव्य नगर कीर्तन – uttarakhandawaaz.in

पांवटा साहिब में 25 दिसंबर को गुरु गोबिंद सिंह जी के 359वें प्रकाश पर्व पर भव्य नगर कीर्तन

पांवटा साहिब, 
दशमेश पिता साहिब श्री गुरु गोबिंद सिंह जी की चरणछोह प्राप्त पवित्र नगरी पांवटा साहिब में 25 दिसंबर 2025 को गुरु गोबिंद सिंह जी के 359वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में भव्य और शाही नगर कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। हर वर्ष की भांति इस बार भी पोह सुदी सप्तमी के दिन गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाश उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।

प्रकाश पर्व को लेकर पिछले सप्ताह से ही प्रभात फेरियों का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन समिति की ओर से एक आकर्षक एवं रंग-बिरंगा पोस्टर भी प्रकाशित किया गया है, जिसमें सभी धार्मिक कार्यक्रमों का विवरण दिया गया है और इसे संगतों तक डाक के माध्यम से भेजा जा रहा है।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लंगर, आवास और सुरक्षा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। गुरुद्वारा श्री पांवटा साहिब की प्रबंधक समिति द्वारा संगतों के लिए हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रेस को जानकारी देते हुए सरदार गुरमीत सिंह ने बताया कि 25 दिसंबर को श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ किए जाएंगे, जिनके भोग 27 दिसंबर 2025 को सुबह 6 बजे डाले जाएंगे। इसके पश्चात पूरे दिन गुरमत समागम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें पंथक प्रसिद्ध रागी सिंह, ढाडी सिंह एवं प्रचारक ज्ञानी संगत को गुरु इतिहास से निहाल करेंगे। रात्रि में कवि दरबार का आयोजन किया जाएगा।

इसके अलावा 27 दिसंबर 2025 को दिन में अमृत संचार कराया जाएगा तथा निशान साहिब की सेवा भी की जाएगी।

यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए आस्था, सेवा और समर्पण का एक बड़ा आध्यात्मिक अवसर होगा, जिसमें देश-विदेश से संगतों के पहुंचने की संभावना है।

— हरबख्श सिंह,

One thought on “पांवटा साहिब में 25 दिसंबर को गुरु गोबिंद सिंह जी के 359वें प्रकाश पर्व पर भव्य नगर कीर्तन”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *