रुद्रपुर: साइकिलिंग में ओलंपिक पदक को बनाएं लक्ष्य—खेल मंत्री रेखा आर्या

रुद्रपुर,

खेल मंत्री रेखा आर्या ने रुद्रपुर स्थित शिवालिक वेलोड्रोम में आयोजित 77वीं सीनियर, 54वीं जूनियर और 40वीं सब-जूनियर नेशनल ट्रैक साइकिलिंग चैंपियनशिप में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के लगभग सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 600 से अधिक साइकिलिस्ट भाग ले रहे हैं।

इस अवसर पर खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि साइकिलिंग वेलोड्रोम के निर्माण के बाद उत्तराखंड के साइकिलिंग की नर्सरी के रूप में उभरने की पूरी संभावना है। उन्होंने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान प्रदेश में जो खेल अवसंरचना विकसित की गई है, उसमें साइकिलिंग वेलोड्रोम एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

रेखा आर्या ने कहा कि आमतौर पर नेशनल गेम्स में कई राज्यों को साइकिलिंग प्रतियोगिताएं अन्य राज्यों में आयोजित करनी पड़ती हैं, क्योंकि यह सुविधा देश के केवल कुछ ही राज्यों में उपलब्ध है। अब उत्तराखंड के पास यह आधुनिक सुविधा होने से खिलाड़ियों को बड़ा लाभ मिलेगा।

खेल मंत्री ने प्रदेश के साइकिलिस्टों से नियमित अभ्यास करने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि खिलाड़ी निरंतर मेहनत करें तो वे 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स और 2036 ओलंपिक में पदक के प्रबल दावेदार बन सकते हैं। उन्होंने साइकिलिंग में ओलंपिक पदक को लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

इस अवसर पर साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष ओंकार सिंह, सचिव मनिंदर पाल सिंह, उत्तरांचल ओलंपिक संघ के महासचिव डी.के. सिंह, उत्तराखंड साइकिलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष विमल चौधरी, सचिव देवेश पांडे, जिला अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र शर्मा, विजय पाठक सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *