देहरादून,
जिलाधिकारी सविन बंसल ने रिस्पना पुल से लेकर आईएसबीटी और लालपुल तक विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों, नालों, नदियों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) क्षेत्र का भी विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने यातायात व्यवस्था, पार्किंग, निकासी मार्ग और अव्यवस्थित गतिविधियों की गहन समीक्षा करते हुए मौके पर ही संबंधित विभागों को सुधारात्मक निर्देश दिए। हरिद्वार बाईपास की ओर आईएसबीटी फ्लाईओवर के समीप सड़क किनारे उपलब्ध खाली भूमि पर टाइल्स लगाकर सुव्यवस्थित पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए गए, जिससे यात्रियों और आमजन को जाम से राहत मिल सके।
दिल्ली जाने वाली बसों के लिए बनाए गए निकासी गेट के बंद पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और एमडीडीए को तत्काल गेट खोलने के निर्देश दिए। पूर्व में दिए गए आदेशों का पालन न होने पर संबंधित एआरएम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। साथ ही फ्लाईओवर के नीचे अवैध कट बंद कर सुरक्षित क्रॉसओवर बनाने, वहां व्यवस्थित पार्किंग विकसित करने और निकासी गेट के पास स्थित पुलिस चौकी को अन्यत्र स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने आईएसबीटी गेट पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर निकासी गेट को पूरी तरह सुचारू करने के निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था बाधित न हो। आरटीओ को सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएच) को आईएसबीटी के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे टाइल्स लगाकर पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए गए, जिसके लिए मौके पर ही आवश्यक धनराशि की स्वीकृति भी प्रदान की गई।
निरीक्षण के दौरान कारगी चौक के समीप नाले और बिंदाल नदी में गंदगी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नगर निगम को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र में बने अवैध गार्बेज प्वाइंट हटाने और भविष्य में कचरा जमा न हो, इसके लिए सतत निगरानी के निर्देश भी दिए। कारगी क्षेत्र स्थित पुराने डम्पिंग जोन की पूर्ण सफाई कर उसे सुव्यवस्थित करने तथा डम्पिंग जोन के पास सड़क किनारे चूहों से क्षतिग्रस्त भूमि की मरम्मत कर सुरक्षित बनाने के आदेश दिए गए।
आईएसबीटी के समीप सड़क किनारे झोपड़ियां बनाकर रह रहे लोगों से उत्पन्न स्वच्छता और यातायात अवरोध को देखते हुए जिलाधिकारी ने एमडीडीए और नगर निगम को नियमानुसार ऐसे लोगों को अन्यत्र स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि आईएसबीटी क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अतिक्रमण या यातायात बाधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और निर्देशों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Thanks for sharing. I read many of your blog posts, cool, your blog is very good.
Your point of view caught my eye and was very interesting. Thanks. I have a question for you.