देहरादून ,
जिलाधिकारी सविन बंसल ने आज अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यातायात व्यवस्था, पार्किंग, निकासी मार्ग और अव्यवस्थित गतिविधियों का गहन जायजा लिया तथा संबंधित विभागों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने द्वार बाईपास की ओर आईएसबीटी फ्लाईओवर के समीप सड़क किनारे पड़ी खाली जमीन पर टाइल्स लगाकर सुव्यवस्थित पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे यात्रियों और आमजन को जाम की समस्या से राहत मिल सके। दिल्ली जाने वाली बसों के लिए बनाए गए निकासी गेट के बंद पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई और एमडीडीए को तत्काल गेट खोलने के निर्देश दिए। पूर्व निर्देशों का पालन न होने पर संबंधित एआरएम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने फ्लाईओवर के नीचे बने अवैध कट को बंद कर सुरक्षित क्रॉसओवर बनाने, फ्लाईओवर के नीचे व्यवस्थित पार्किंग विकसित करने और निकासी गेट के पास स्थित पुलिस चौकी को अन्यत्र स्थानांतरित करने के निर्देश दिए। साथ ही आईएसबीटी गेट पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर निकासी गेट को पूरी तरह सुचारू करने के आदेश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके।
डीएम ने आरटीओ को सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएच) के अधिकारियों को आईएसबीटी के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे टाइल्स लगाकर पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए, जिसके लिए मौके पर ही आवश्यक धनराशि की स्वीकृति भी प्रदान की गई।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि आईएसबीटी क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अतिक्रमण या यातायात बाधा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और निर्देशों के अनुपालन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर आयुक्त नगर निगम नमामी बंसल, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, संभागीय परिवहन अधिकारी अनिता चमोला सहित एमडीडीए और एनएच के अधिकारी मौजूद रहे।