जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ई-रिक्शा संचालन के नियमन हेतु व्यापक कार्ययोजना को स्वीकृति

हरिद्वार,

जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना न्यूनीकरण अनुस्वरण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, उनके कारणों तथा सुधारात्मक उपायों पर विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने ई-रिक्शा के अनियमित संचालन, यातायात अव्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए ई-रिक्शा सत्यापन एवं निरीक्षण हेतु मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) को स्वीकृति प्रदान की। इसके अंतर्गत निर्णय लिया गया कि ई-रिक्शा निरीक्षण एवं सत्यापन अभियान 19 जनवरी 2026 से 18 फरवरी 2026 तक हरिद्वार एवं रुड़की नगर क्षेत्रों में संचालित किया जाएगा।

इस अवधि में ई-रिक्शा चालकों एवं स्वामियों को पुलिस सत्यापन कराने हेतु एक माह का समय दिया गया है। अभियान के दौरान 19 जनवरी से प्रतिदिन लगभग 500 ई-रिक्शाओं को चरणबद्ध रूप से भौतिक निरीक्षण हेतु बुलाया जाएगा। केवल वही ई-रिक्शा, जिनका पुलिस सत्यापन पूर्ण होगा तथा जिनका वाहन निरीक्षण परिवहन विभाग द्वारा सफलतापूर्वक किया जाएगा, उन्हें विशेष पहचान स्टिकर जारी किया जाएगा।

स्टिकर प्राप्त ई-रिक्शा ही नगर क्षेत्र में संचालन के लिए अधिकृत होंगे। नगर क्षेत्र को विभिन्न जोनों में विभाजित किया जाएगा और प्रत्येक चालक अपने निर्धारित जोन में ही ई-रिक्शा का संचालन कर सकेगा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था ई-रिक्शा संचालन को सुव्यवस्थित करने, अवैध एवं अनियमित ई-रिक्शाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने तथा यात्रियों एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

बैठक में जिलाधिकारी ने हेलमेट अनुपालन को शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने तथा ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध सख्त प्रवर्तन कार्रवाई के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त हरिद्वार–लक्सर मार्ग के निरीक्षण से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिस पर संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग (एनएच खंड) को एक सप्ताह के भीतर सभी अनुशंसित सुधारात्मक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम किया जा सके।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में प्रवर्तन, इंजीनियरिंग एवं जन-जागरूकता—तीनों स्तरों पर निरंतर एवं समन्वित कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अधीक्षण अभियंता लोनिवि श्री डी.के. सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि श्री दीपक कुमार, अधिशासी अभियंता एनएचआई श्री अतुल शर्मा, सहायक परिवहन अधिकारी श्रीमती नेहा झा, श्री निखिल शर्मा, श्री कृष्ण चंद्र पलाड़िया सहित सभी उपजिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

One thought on “जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ई-रिक्शा संचालन के नियमन हेतु व्यापक कार्ययोजना को स्वीकृति

Leave a Reply to binance註冊獎金 Cancel reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *