धामी सरकार का आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नए साल का तोहफा, रिटायरमेंट पर मिलेंगे न्यूनतम ₹1 लाख

देहरादून ,

धामी सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बड़ा तोहफा देते हुए रिटायरमेंट पर मिलने वाली सहायता राशि को बढ़ाकर न्यूनतम ₹1 लाख करने का निर्णय लिया है। यह लाभ आगामी 1 अप्रैल से सेवानिवृत्त होने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मिलेगा।

प्रदेश की कैबिनेट मंत्री श्रीमती रेखा आर्य ने बताया कि वर्तमान में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को रिटायरमेंट के समय लगभग ₹35 से ₹40 हजार की सहायता राशि मिलती है। इसे बढ़ाने के लिए विभाग लंबे समय से प्रयासरत था। इस योजना के अंतर्गत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को ₹300 प्रतिमाह का योगदान देना होगा, जिस पर उनके संगठनों की सहमति प्राप्त होने के बाद निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने बैठक के दौरान विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए बताया कि यह निर्णय नए वित्तीय वर्ष से लागू होगा। इससे आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक संबल मिलेगा।

इसके साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के सुपरवाइजर पद पर प्रमोशन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इस श्रेणी के अंतर्गत वर्तमान में रिक्त 88 पदों पर पदोन्नति हेतु एक सप्ताह के भीतर विज्ञप्ति जारी की जाएगी।

सरकार के इस निर्णय से प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों में उत्साह है और इसे उनके लंबे सेवाकाल के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *