क्या यही रामराज्य है जिसमें सरकार के खिलाफ मुखर विपक्षी नेताओं को अपमानित किया जाएः गोगी
देहरादून ,
भाजपा द्वारा अपने एक्स ट्विटर हैंडल पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी को रावण के रूप में प्रदर्शित किए जाने के विरोध में आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी के बीच भाजपा का पुतला फूंका। यहां कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से कांग्रेस कार्यकर्ता महानगर अध्यक्ष डॉ जसविन्दर सिंह गोगी के नेतृत्व में जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए एस्ले हाॅल चैक पहंुचे और भाजपा का पुतला फूंका। इस अवसर पर डाक्टर गोगी ने कहा कि इस बात से देशभर में पार्टी के समस्त कार्यकर्ता आहत और आक्रोशित हैं। इस अवसर पर डाक्टर गोगी ने कहा कि क्या यही रामराज्य है जिसमें सरकार के खिलाफ मुखर विपक्षी नेताओं को अपमानित किया जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारी पेंशन के लिए लड़ रहे, वह भी घोर उपेक्षित हैं। उन्होंने कहा कि बेरोजगार जब भर्ती घोटाले की जांच की मांग करते हैं तो क्रूर लाठीचार्ज यह भाजपा की सरकार करती है, देश की गौरव महिला खिलाड़ी रो रो कर न्याय मांगते रहे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नहीं पसीजे, किसानों को काले कानून रोकने के लिए जीवन का बलिदान देना पड़ा यह और रावण इस भाजपा सरकार की नजर में वह राहुल गांधी हैं जो इन वर्गों की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वास्तविकता तो यह है कि रावण जैसे कृत्य इस भाजपा सरकार के स्वयं हैं। उन्होंने कहा कि यह जनता सब देख रही है। यह कार्य राहुल गांधी और उनके परिवार के विरुद्ध हिंसा के लिए उन्मादी लोगों को प्रेरित करने का कुत्सित प्रयास भी है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी भाजपा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तक को रावण के रूप में प्रदर्शित किया और अब उनकी विरासत पर देश विदेश में दावेदारी करते हैं। इस दौरान पुतला फूंकने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष पूरन सिंह रावत, नवीन जोशी, मनीष नागपाल, प्रवक्ता डॉक्टर प्रतिमा सिंह, विरेंद्र पोखरियाल, महिला महानगर अध्यक्ष उर्मिला थापा, पूनम कंडारी, आशीष नौटियाल, महानगर उपाध्यक्ष अभिषेक तिवारी ,इलियास अंसारी, सुनील जायसवाल, अर्जुन सोनकर आदि उपस्थित थे।
