हरिद्वार ,
उत्तराखंड राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से रोड़ीबेलवाला पार्किंग स्थल पर आयोजित तीन दिवसीय देवभूमि रजत उत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने दीप प्रज्ज्वलन और शंखनाद के साथ किया।
मुख्य अतिथि नरेश बंसल ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से ही उत्तराखंड राज्य की स्थापना संभव हो सकी। उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि राज्य अपने 25 वर्ष 9 नवंबर को पूर्ण करने जा रहा है, और इन वर्षों में प्रदेश ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
सांसद ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए आठ मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं, सभी सड़कों को ऑलवेदर रोड से जोड़ा गया है और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना पर तेजी से कार्य जारी है, जिससे पर्यटन को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि “तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा” — और इस विजन को साकार करने के लिए हर नागरिक को विकास में अपना सकारात्मक योगदान देना होगा।
इस अवसर पर सांसद बंसल ने डिजिटल प्रदर्शनी का शुभारंभ किया और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया।
उत्सव के दौरान राज्य आंदोलन में सक्रिय रहे आंदोलनकारियों को भी सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में जगत सिंह रावत, जसवंत सिंह बिष्ट, भोपाल सिंह बिष्ट, अंजू उप्रेती, बीना नौटियाल, आशु बत्तर्वाल, भगवान जोशी, सुरेंद्र सैनी, मदन गौड़, आनंद सैनी, साकेत वशिष्ठ, भीम सिंह रावत, रोहित और विष्णुदत्त सेमवाल शामिल रहे।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें जीपीएस-41, पीबीएमयू इंटर कॉलेज और गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

Thanks for sharing. I read many of your blog posts, cool, your blog is very good.