देहरादून पुलिस में तबादलों की सुनामी, 60 निरीक्षक और उपनिरीक्षक बदले

देहरादून ,

राजधानी देहरादून के पुलिस विभाग में रविवार देर रात बड़े पैमाने पर तबादलों की झड़ी लग गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने 5 अक्तूबर को 60 से अधिक निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए। आदेश जारी होते ही पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

सूत्रों के अनुसार, यह कदम कार्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने और फील्ड में निगरानी तंत्र को बेहतर बनाने के उद्देश्य से उठाया गया है। एसएसपी का यह कदम विभाग के भीतर एक बड़ा “एडमिनिस्ट्रेटिव शेकअप” माना जा रहा है, क्योंकि एक साथ इतने अधिक अधिकारियों का स्थानांतरण लंबे समय बाद हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, लंबे समय से एक ही थाना या क्षेत्र में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं ताकि कार्यकुशलता और जवाबदेही में सुधार लाया जा सके।

गौरतलब है कि हाल ही में राजपुर प्रकरण में एसएचओ शैंकी कुमार के मामले के बाद आईजी राजीव स्वरूप ने यह स्पष्ट किया था कि अब थाना प्रभारियों की नियुक्ति आंतरिक ऑडिट प्रक्रिया के बाद ही की जाएगी। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि एसएसपी द्वारा किया गया यह व्यापक फेरबदल नई नीति का हिस्सा है या फिर ऑडिट रिपोर्ट के बाद एक और तबादलों की लहर देखने को मिलेगी।

एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक, जिन निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के तबादले किए गए हैं, उनकी पूरी सूची जल्द सार्वजनिक की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *