अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने किया वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को हिमालयन सांस्कृतिक केंद्र, नींबूवाला, देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिभाग किया और प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया तथा उन्हें “वरिष्ठ नागरिक सम्मान संकल्प” दिलाया। उन्होंने मां के नाम पर पौधा रोपण किया और वृद्धजनों की सेवा हेतु समर्पित निशुल्क एंबुलेंस वैन तथा वॉकथन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज के स्तंभ हैं, जिनका अनुभव और आशीर्वाद पूरी पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने अटल वयोअभ्युदय योजना, प्रधानमंत्री वय वंदना योजना, राष्ट्रीय वयोश्री योजना और वृद्धावस्था पेंशन योजना सहित कई योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश में लगभग 6 लाख बुजुर्गों को पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य में वृद्धाश्रमों की व्यवस्था लगातार मजबूत की जा रही है। बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में वृद्धाश्रम संचालित हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चंपावत में नए भवन निर्माणाधीन हैं। केंद्र सरकार के सहयोग से उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में मॉडल वृद्धाश्रम का निर्माण भी किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जेरियाट्रिक केयर गिवर प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत इस वर्ष 150 मास्टर ट्रेनर और केयर गिवर तैयार किए जा रहे हैं। राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत वृद्धजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं और 1,300 वरिष्ठ नागरिकों की नि:शुल्क मोतियाबिंद सर्जरी का लक्ष्य रखा गया है।

वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए राज्य में माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम भी लागू है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के अध्यक्ष रामचंद्र गौड़, उपाध्यक्ष शांति मेहरा, हरक सिंह नेगी, एससी आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार, समाज कल्याण सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्दांकी और निदेशक चंद्रसिंह धर्मशक्तू भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *