देहरादून ,
सेवा, सुरक्षा और सुशासन के मुख्यमंत्री संकल्प को अमल में लाते हुए जिला प्रशासन ने यातायात में बाधक बनी 6 देशी-विदेशी मदिरा दुकानों को हटाने का आदेश जारी किया है। यह निर्णय जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में गठित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के बाद लिया गया।
प्रशासन द्वारा सनपार्क इन चौक, चूना भट्टा, बिंदाल तिराहा और रोजगार तिराहा पर स्थित मदिरा की दुकानों को एक सप्ताह के भीतर शिफ्ट करने के निर्देश जारी किए गए हैं। डीएम ने स्पष्ट किया है कि यदि आदेश का अनुपालन नहीं हुआ, तो संबंधित दुकानों के लाइसेंस निरस्त कर दिए जाएंगे।
पुलिस की सिफारिश पर लिया गया निर्णय
27 मार्च को हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक व यातायात पुलिस अधीक्षक ने इन दुकानों को सड़क हादसों और ट्रैफिक जाम का प्रमुख कारण बताया था। इसके बाद जनसुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए यह कठोर निर्णय लिया गया।
सड़क सुरक्षा पर विशेष ध्यान
प्रशासन पहले ही शहरभर में स्पीड ब्रेकर, डिवाइडर, ट्रैफिक लाइट, कैमरा इंटीग्रेशन और चौक-चौराहों के निर्माण/ध्वस्तीकरण जैसे कई कदम उठा चुका है। अब शराब की दुकानों को हटाकर सड़क सुरक्षा को और मजबूत किया जा रहा है।
डीएम सविन बंसल ने कहा, “जनसुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। राजधानी की सड़कों को सुगम और सुरक्षित बनाना हमारी प्राथमिकता है।” उन्होंने यह भी बताया कि सड़क सुरक्षा के तहत 23 स्थानों से विद्युत पोल हटाए जा रहे हैं, 16 जगहों पर दुकानों का विस्थापन तथा 10 पुलिस बूथों की शिफ्टिंग भी की जा रही है।
प्रशासन की यह पहल सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप और जनहित में की जा रही है।
रिपोर्ट: जि
ला सूचना कार्यालय, देहरादून
