देहरादून,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश में निर्माण और नव निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि अब मानसून समाप्त हो चुका है, इसलिए सभी विभाग धरातल पर तेजी से कार्य करें।
लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सभी सड़कें निर्धारित समय सीमा के भीतर गड्ढा मुक्त हों। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम ने कहा कि क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण और मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। ऐसे क्षेत्रों जहाँ बार-बार सड़क संबंधी शिकायतें मिल रही हैं, वहाँ विशेष निगरानी रखी जाए और कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके साथ ही उन्होंने गड्ढा मुक्त सड़क अभियान की प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगोली, डॉ. पंकज पांडेय, विनय शंकर पांडेय, अपर पुलिस महानिदेशक ए.पी. अंशुमान, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते और अपर सचिव बंशीधर तिवारी उपस्थित थे।