देहरादून ,
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की हालिया परीक्षा प्रकरण को लेकर आंदोलनरत युवाओं के बीच सोमवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी परेड ग्राउंड पहुँचे। सीएम धामी ने युवाओं की बात सुनने के बाद घोषणा की कि सरकार इस मामले की सीबीआई जांच की संस्तुति करेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि परीक्षा प्रक्रिया पर किसी भी तरह का संदेह या शंका न रहे और पारदर्शिता बनी रहे। धामी ने कहा कि अब तक बीते चार सालों में 25 हज़ार से अधिक सरकारी भर्तियां पूरी तरह पारदर्शी तरीके से हुई हैं और उन पर कोई सवाल नहीं उठा। सिर्फ इस एक मामले में संदेह सामने आया है, इसलिए सीबीआई जांच कराई जाएगी।
सीएम धामी ने युवाओं से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे उनकी पीड़ा समझते हैं और इसलिए खुद धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि आंदोलन के दौरान दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि “अमृतकाल के विकसित भारत में उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने में युवाओं की भूमिका सबसे अहम होगी।”