देहरादून ,
देहरादून में हुए चर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी आरोपी को देहरादून पुलिस और Special Task Force Uttarakhand की संयुक्त टीम ने सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए पश्चिम बंगाल में छिपा हुआ था।
पुलिस के अनुसार 13 फरवरी 2026 को Silver City स्थित जिम से बाहर निकलते समय विक्रम शर्मा की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। जांच में झारखंड से आए आरोपियों की संलिप्तता सामने आई थी। मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि छह अन्य आरोपी फरार थे। सभी फरार आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान यशराज सिंह (23) निवासी पूर्वी सिंहभूम, झारखंड के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे सहारनपुर के रेलवे रोड स्थित होटल सूर्य लोक के सामने से गिरफ्तार किया।
दिल्ली और नोएडा में भी हुई थी हत्या की कोशिश
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि विक्रम शर्मा की हत्या की योजना पहले दिल्ली और नोएडा में बनाई गई थी, लेकिन भीड़भाड़ और सुरक्षा के चलते आरोपी सफल नहीं हो सके। इसके बाद देहरादून में हत्या की साजिश रची गई।
आरोपियों ने पहले विक्रम शर्मा की दिनचर्या की रेकी करवाई। मुख्य आरोपी अंकित वर्मा कई बार देहरादून आया और उसने जानकारी दी कि विक्रम शर्मा सुबह अकेले जिम जाते हैं। इसके बाद जिम आते-जाते समय हत्या की योजना बनाई गई।
आरोपी ने की थी फंडिंग
पुलिस के मुताबिक आरोपी यशराज सिंह ने ही अपने साथियों के आने-जाने, होटल में रुकने और वाहन किराये पर लेने के लिए पैसों की व्यवस्था की थी। उसने अपने मोबाइल से यूपीआई के माध्यम से फ्लाइट टिकट, होटल और अन्य खर्चों का भुगतान किया था।
घटना में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी भी आरोपी के परिवार से जुड़ी बताई गई है। पुलिस के अनुसार हत्या की सूचना मिलने के बाद आरोपी अपने पिता और अन्य साथियों के साथ फरार हो गया था।
पश्चिम बंगाल में छिपा था आरोपी
पुलिस से बचने के लिए यशराज सिंह पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में अपनी बुआ के घर छिपा हुआ था। हाल ही में वह अपने पिता के वकील से मिलने हरिद्वार आया था और कानूनी सलाह लेने सहारनपुर पहुंचा, जहां पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।