देहरादून ,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से डॉ. भीमराव अम्बेडकर समाज कल्याण बहुउद्देशीय शिविर रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
सीएम धामी ने बताया कि यह रथ आगामी 125 दिनों तक राज्य के ग्रामीण इलाकों में पहुंचेगा और 240 बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन करेगा। इन शिविरों के माध्यम से गरीब, जरूरतमंद और वंचित वर्ग तक केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाने की योजना है।
उन्होंने कहा कि इन शिविरों में ग्राम पंचायत और ब्लॉक स्तर की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को तत्काल लाभ मिल सके। साथ ही, उन्होंने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और लाभार्थी योजनाओं का त्वरित निस्तारण किया जाए।
इस अवसर पर समाज कल्याण अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष देशराज कर्णवाल, माटी कला बोर्ड के उपाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, पूर्व विधायक प्रणव चैंपियन समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।