देहरादून ,
यूके ट्रिपल एससी परीक्षा पेपर लीक मामले में पिछले चार दिनों से परेड मैदान पर धरने पर बैठे बेरोजगार युवाओं के बीच प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना आज पहुंचे। धस्माना अपने कई पार्टी पदाधिकारियों के साथ बेरोजगारों का समर्थन करने पहुंचे।
धरना स्थल पर युवाओं ने उनका करतल ध्वनि और तालियों से स्वागत किया। धस्माना ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा सहित पूरी पार्टी बेरोजगार युवाओं के साथ खड़ी है। उन्होंने भाजपा सरकार पर राज्य के युवाओं और बेरोजगारों को धोखा देने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि पिछले आठ साल में भर्तियां बंद रही हैं और पेपर लीक जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।
धस्माना ने कहा कि कांग्रेस ने पहले ही पेपर लीक कांड की सीबीआई जांच की मांग की थी, लेकिन भाजपा सरकार इससे बच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड भर्ती घोटाले में भाजपा नेताओं का नाम जुड़ा होने की वजह से सरकार जांच से घबराई हुई है।
सूर्यकांत धस्माना ने युवाओं को आश्वस्त किया कि कांग्रेस इस लड़ाई को पूरी ताकत से लड़ेगी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को इसी मांग को लेकर राज्य के जिला मुख्यालयों पर धरने आयोजित किए जाएंगे और मांग नहीं माने जाने पर मुख्यमंत्री और राज्यपाल आवास तक कूच का कार्यक्रम भी किया जाएगा।
धरने में कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा के मीडिया सलाहकार सरदार अमरजीत सिंह, प्रदेश महामंत्री जगदीश धीमान, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, प्रदेश प्रवक्ता डॉक्टर प्रतिमा सिंह, शीशपाल सिंह बिष्ट, श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, महानगर उपाध्यक्ष राजेश उनियाल और युवा इंटक के प्रदेश अध्यक्ष पंकज क्षेत्री सहित कई अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।