चमोली ,
चमोली ज़िले में बुधवार देर रात आई भारी बारिश और बादल फटने की घटना से नंदानगर क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। अचानक पहाड़ियों से मलबा आने के बाद लोग भयभीत होकर घरों से बाहर निकल आए। कई मकानों को गंभीर क्षति पहुंची है।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत नंदानगर के वार्ड कुन्तरीलगाफाली में भारी बारिश के बाद मलबा आने से 6 भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इस हादसे में 5 लोग लापता बताए जा रहे हैं, जबकि 2 को सुरक्षित निकाल लिया गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम नंदप्रयाग पहुंच चुकी है और एनडीआरएफ की टीम भी गोचर से नंदप्रयाग के लिए रवाना हो गई है।
मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) ने बताया कि मौके पर चिकित्सा टीम के साथ तीन 108 एंबुलेंस भी भेज दी गई हैं।
इसी दौरान नंदानगर तहसील के धुर्मा गांव में भी भारी वर्षा से 4-5 भवनों को क्षति पहुंची है, हालांकि जनहानि की कोई सूचना नहीं है। मोक्ष नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन ने स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। प्रभावित लोगों को बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराए जाने के लिए प्रशासन ने व्यवस्था शुरू कर दी है।