देहरादून ,
दैवीय आपदा से जूझ रहे प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन लगातार राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों को युद्धस्तर पर अंजाम दे रहा है। प्रशासन ने बुनियादी जरूरतों — भोजन, पानी, आवास और राशन — की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कदम उठाए हैं।
प्रशासन ने छमरौली गांव में फंसे करीब 60 परिवारों (करीब 300 लोग) तक हेलीकॉप्टर से फूड पैकेट पहुंचाए। वहीं फूलेत गांव से गंभीर रूप से बीमार एक व्यक्ति को एयर एंबुलेंस के माध्यम से उनके परिजनों की सहमति से मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
इसके अलावा कार्लीगाड, मजयाडा और सेरा गांवों में गुरुवार को जिला प्रशासन ने गैस सिलेंडरों की आपूर्ति कराई और सितंबर व अक्टूबर, दो महीने का राशन एक साथ वितरित किया।
जिलाधिकारी सविन बंसल स्वयं राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं और प्रभावित क्षेत्रों में लगातार दौरे कर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि जरूरतमंदों तक हर संभव मदद तत्काल पहुंचाई जाए।