देहरादून ,
हालिया आपदा के बाद जनजीवन को सामान्य बनाने के लिए जिला प्रशासन ने राहत और रेस्क्यू कार्यों को युद्धस्तर पर तेज कर दिया है। प्रशासन का लक्ष्य है कि रायपुर-मालदेवता मार्ग को आज ही जल्द से जल्द यातायात के लिए खोल दिया जाए, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री और आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति सुचारू रूप से हो सके।
जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) ने राहत कार्यों में जुटे अधिकारियों, कार्मिकों, फोर्स, श्रमिकों और आपदा मित्रों को “वारियर्स” करार देते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी संवेदनशीलता और पूर्ण जिम्मेदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
एसडीएम सदर हरिगिरी की देखरेख में मजाडा गांव में मलबे में दबे शवों की तलाश के लिए प्रशासन की टीम डॉग स्क्वायड की मदद से सर्च ऑपरेशन चला रही है। आशंका है कि मलबे में अब भी तीन लोग दबे हो सकते हैं।
प्रशासन ने बताया कि प्रभावित इलाकों में सभी विभागों और अधिकारियों को तैनात कर दिया गया है, ताकि राहत, बचाव और पुनर्वास कार्यों को गति दी जा सके और जनजीवन जल्द सामान्य हो।