देहरादून,
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य योजना के अंतर्गत विभिन्न जनपदों के लिए कुल 146.19 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं में शिक्षा, सड़क, पेयजल, स्वच्छता और कुंभ मेला 2027 से संबंधित महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय से जारी जानकारी के अनुसार:
-
कालाढूंगी (नैनीताल) — भगवानपुर से राजकीय इंटर कॉलेज लामाचौड़ होते हुए कालाढूंगी मुख्य मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण के लिए 3.81 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
-
बागेश्वर — बोड़ी धुराफाट पंपिंग योजना में ऊर्जा कुशल सेंट्रीफ्यूगल पंप सेटों की आपूर्ति और स्थापना सहित कार्यों के लिए 4.73 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
-
हरिद्वार — रोशनाबाद में अभियोजन विभाग के जनपदीय निदेशालय हेतु कार्यालय और सदर मालखाने के निर्माण के लिए 7.07 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है, जिसमें प्रथम किस्त के रूप में 40 प्रतिशत राशि जारी होगी।
-
कुंभ मेला 2027 — मेला क्षेत्र में विभिन्न नए निर्माण कार्यों हेतु लगभग 113 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है, जिसके तहत इस वित्तीय वर्ष में 10 करोड़ रुपये टोकन राशि के रूप में जारी किए जाएंगे।
-
पेयजल एवं स्वच्छता योजनाएं — नाबार्ड के अंतर्गत उत्तराखंड जल संस्थान की 3 योजनाएं (9.22 करोड़) तथा उत्तराखंड पेयजल निगम की 17 योजनाएं (8.36 करोड़) यानी कुल 17.58 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने किच्छा (उधम सिंह नगर) निवासी श्रीमती देवकी देवी को उनके दिवंगत पति श्यामदत्त तिवारी के नाम पर लोकतंत्र सेनानी सम्मान पेंशन 14 जून 2017 से 13 अक्टूबर 2022 तक ₹16,000 प्रतिमाह और 14 अक्टूबर 2022 से ₹20,000 प्रतिमाह बकाया सहित अनुमन्य करने की भी स्वीकृति प्रदान की है।
