देहरादून,
उत्तराखंड में हाल ही में संपन्न पंचायत चुनावों में कांग्रेस पार्टी की धमाकेदार जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने आज राजधानी देहरादून स्थित राजीव भवन में जोरदार जश्न मनाया। कांग्रेस समर्थकों ने जीत की खुशी में मिष्ठान वितरण कर एक-दूसरे को बधाइयाँ दीं और भाजपा विरोधी नारे लगाए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने इस जीत को प्रदेश की जनता का सत्ताधारी भाजपा के खिलाफ जनादेश बताया। उन्होंने कहा, “प्रदेश सरकार ने हर संभव कोशिश की थी चुनाव प्रभावित करने की, लेकिन जनता ने बैलेट पेपर पर जवाब दे दिया।” माहरा ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अभी से 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुट जाएं और पार्टी को सत्ता में वापसी दिलाएं।
कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि इस परिणाम ने यह स्पष्ट कर दिया है कि यदि कांग्रेस एकजुट होकर लड़े, तो आगामी विधानसभा चुनावों में प्रदेश में फिर कांग्रेस सरकार बन सकती है। उन्होंने कहा, “भाजपा के गढ़ ढह चुके हैं, और जनता ने कांग्रेस पर भरोसा जताया है।”
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने देहरादून जिले की बात करते हुए बताया कि कांग्रेस ने यहां की 30 जिला पंचायत सीटों में से 16 सीटों पर कब्जा जमाया, जो पार्टी के लिए गर्व की बात है।
इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें नवीन जोशी, जगदीश धीमान, दिनेश कौशल, अमरजीत सिंह, गिरिराज किशोर हिंदवाण, डॉ. प्रतिमा सिंह, आनंद पुंडीर समेत अन्य प्रमुख चेहरे शामिल थे।
यह जीत कांग्रेस के लिए एक मनोबल बढ़ाने वाला क्षण है, जिससे पार्टी अब आगामी चुनावों के लिए नए जोश के साथ मैदान में उतरने को तैयार दिख रही है।