आपदा प्रभावित क्षेत्रों का केंद्रीय निरीक्षण, रिपोर्ट जाएगी भारत सरकार को

पौड़ी ,

मानसून आपदा से प्रभावित उत्तराखंड में हुए नुकसान का आकलन करने के लिए भारत सरकार द्वारा गठित अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल ने मंगलवार को पौड़ी गढ़वाल के आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा किया।

दल ने सैंजी गांव का स्थलीय निरीक्षण किया और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने क्षतिग्रस्त मकानों, सड़कों, पुलों, पेयजल योजनाओं, बिजली लाइनों, कृषि भूमि, फसलों, पशुधन और अन्य संसाधनों की क्षति का गहन अध्ययन किया।

निरीक्षण के दौरान दल ने ड्रोन सर्वे रिपोर्ट देखी और प्रशासन द्वारा की गई त्वरित राहत और बचाव कार्यों की सराहना की। ग्रामीणों को उपलब्ध कराई गई खाद्य सामग्री, पेयजल, चिकित्सा सहायता और अस्थायी आश्रयों की जानकारी भी ली गई।

दल के नेतृत्वकर्ता संयुक्त सचिव आर. प्रसन्ना ने बताया कि वास्तविक नुकसान का तथ्यात्मक आकलन कर विस्तृत रिपोर्ट केंद्र सरकार को भेजी जाएगी, ताकि पुनर्निर्माण और सामान्य जनजीवन बहाली के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि केंद्रीय दल की रिपोर्ट के आधार पर केंद्र सरकार आवश्यक निर्णय लेगी, जिससे राज्य और केंद्र के बीच समन्वय से पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *