देहरादून ,
नेहरू कॉलोनी वार्ड 57 में रहने वाले 81 वर्षीय बुजुर्ग निवासी और उनकी पत्नी को क्षेत्र में रह रहे असामाजिक तत्वों द्वारा जान से मारने और घर जला देने जैसी धमकियां दी जा रही थीं। जानकारी के अनुसार, आरोपी पिता-पुत्र पिछले कुछ महीनों से इस बुजुर्ग दंपति के घर के पास किराए पर रह रहे हैं और मूल रूप से मैदानी क्षेत्र के रहने वाले हैं।
स्थानीय निवासियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय चौकी में सामूहिक रूप से तहरीर दी और बुजुर्ग दंपति की जान-माल की सुरक्षा की मांग की।
नेहरू कॉलोनी चौकी इंचार्ज ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सुरक्षा का भरोसा दिलाया और बुजुर्ग दंपति के पक्ष में आवश्यक कदम उठाए। क्षेत्रीय जनता ने पुलिस प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि समय पर की गई कार्रवाई से सभी को राहत मिली है।