आपदा पीड़ितों की मदद के लिए आगे आया सिख समाज, गुरुद्वारों से 4 सितंबर को रवाना होगी राहत सामग्री

देहरादून,
प्राकृतिक आपदा और बाढ़ से प्रभावित उत्तराखंड व पंजाब के पीड़ितों की मदद के लिए सिख समाज आगे आया है। मंगलवार को श्री गुरु सिंह सभा आढ़त बाज़ार देहरादून के तत्वाधान में आयोजित विशेष बैठक में शहर के सभी गुरुद्वारों के पदाधिकारी और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक की शुरुआत हैड ग्रंथी भाई साहिब शमशेर सिंह ने संगती रूप में अरदास के साथ की। उन्होंने आपदा में जान गंवाने वालों की आत्मिक शांति और प्रभावित परिवारों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस कठिन घड़ी में पंजाब और उत्तराखंड के बाढ़ पीड़ितों तक अधिक से अधिक राहत सामग्री पहुँचाई जाएगी।
गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के महासचिव स. गुलजार सिंह ने बताया कि राहत सामग्री लेकर एक टीम 4 सितंबर, गुरुवार शाम 8 बजे पंजाब रवाना होगी। इसके लिए देहरादून के सभी गुरुद्वारों और संगतों से विभिन्न केंद्रों पर सामग्री एकत्रित की जा रही है।

सभा के अध्यक्ष स. गुरबखश सिंह राजन ने अपील की कि लोग आवश्यक सामग्री 4 सितंबर तक अपने क्षेत्रीय गुरुद्वारों या गुरु सिंह सभा में पहुँचाना सुनिश्चित करें।

गुरुद्वारा श्री गुरु हरकिशन साहिब पटेल नगर के अध्यक्ष स. हरमोहिंदर पाल सिंह और महासचिव स. जगजीत सिंह ने बताया कि सामग्री एकत्रित करने का कार्य शुरू हो चुका है। वहीं, स. दविंदर सिंह ने कहा कि बेबे नानकी जत्थे के वॉलेंटियर्स की एक टीम भी पंजाब रवाना होगी, जो राहत सामग्री वितरण और पीड़ितों की सेवा में जुटेगी।

इस अवसर पर बेबे नानकी जत्थे के सदस्य स. गुरप्रीत सिंह, संदीप सिंह, मखन सिंह ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी नीरज कोहली, स. चरणजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह जौली, दलबीर सिंह कलेर, स. मनोहर सिंह, गुरुद्वारा कलगीधर सभा के अध्यक्ष स. अमरजीत सिंह, नरेंद्रपाल सिंह, रमिंदर सिंह राणा, गुरदयाल सिंह, स. अरविंदर सिंह और सुरजीत सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *