देहरादून, 29 अगस्त।
भारतीय मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 24 घंटों में उत्तराखंड के 10 जिलों – अल्मोड़ा, देहरादून, बागेश्वर, चमोली, चम्पावत, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ – में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इससे जलभराव और बाढ़ का खतरा बना हुआ है।
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने और एडवाइजरी का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
एडवाइजरी के प्रमुख बिंदु:
-
सभी आपदा प्रबंधन अधिकारी हाई अलर्ट पर रहें।
-
संवेदनशील सड़कों पर मशीनरी और उपकरण पहले से तैनात किए जाएं।
-
विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल प्रबंधन सतर्क रहें।
-
पर्वतीय व संवेदनशील क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही नियंत्रित रहे।
-
किसी भी आपदा की स्थिति में राहत और बचाव दल तुरंत कार्रवाई करें।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।