देहरादून ,
उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार ने शुक्रवार (13 फरवरी) को पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया है। कुल 20 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। हाल के दिनों में प्रदेश में हुई सनसनीखेज वारदातों के बीच इस प्रशासनिक कदम को अहम माना जा रहा है।
देहरादून में सबसे बड़ा बदलाव
सबसे चर्चित बदलाव देहरादून में हुआ है। देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रहे अजय सिंह को हटाकर अब एसएसपी एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी जगह आईपीएस परमेंद्र सिंह डोबाल को देहरादून का नया एसएसपी बनाया गया है। डोबाल इससे पहले हरिद्वार में एसएसपी के पद पर तैनात थे।
हरिद्वार और उधम सिंह नगर में भी बदलाव
हरिद्वार में अब नवनीत भुल्लर को नया एसएसपी नियुक्त किया गया है। वे पहले एसएसपी एसटीएफ की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
वहीं उधम सिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा को हटाकर पुलिस अधीक्षक अभिसूचना बनाया गया है। उनकी जगह अजय गणपति कुम्भार को उधम सिंह नगर का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है, जो पहले चंपावत में एसपी थे।
अन्य जिलों में नई तैनातियां
चंपावत में रेखा यादव को पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वे पहले पिथौरागढ़ की एसपी थीं।
पिथौरागढ़ में उनकी जगह अक्षय प्रहलाद कोंडे को नई जिम्मेदारी दी गई है।
अन्य तबादलों में:
-
निहारिका तोमर — एसपी रुद्रप्रयाग
-
जितेंद्र कुमार मेहरा — एसपी बागेश्वर
-
चंद्रशेखर आर धोड़के — एसएसपी अल्मोड़ा
अल्मोड़ा के एसएसपी देवेंद्र पींचा को 31वीं वाहिनी रुद्रपुर का सेनानायक नियुक्त किया गया है। वहीं निवेदिता कुकरेती को पदोन्नत करते हुए पुलिस महानिरीक्षक एसडीआरएफ बनाया गया है।
गौरतलब है कि 12 फरवरी को राज्य में कई आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के भी तबादले किए गए थे। लगातार हो रहे प्रशासनिक फेरबदल से साफ है कि सरकार कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक सख्ती को लेकर सक्रिय मोड में है।