देहरादून,
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी माता को गाली देने के मामले में भाजपा ने कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इस संबंध में भाजपा महिला कार्यकर्ताओं ने प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती हनी पाठक के नेतृत्व में देहरादून एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 28 अगस्त को बिहार के दरभंगा के अतरबेल में कांग्रेस की वोट अधिकार रैली के दौरान मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। हनी पाठक ने बताया कि इस दौरान मंच से ‘मोदी मा…द है’ जैसी गालियां दी गईं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
भाजपा ने आरोप लगाया कि मंच पर मौजूद कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राजद नेता तेजस्वी यादव और यूथ कांग्रेस नेता मोहम्मद नौशाद ने यह सब जानबूझकर सुनियोजित तरीके से कराया। नौशाद कांग्रेस से जाले विधानसभा सीट के संभावित प्रत्याशी भी बताए जा रहे हैं।
शिकायत में कहा गया कि यह कार्यक्रम अभद्रता और घृणा की पराकाष्ठा है, जिसने करोड़ों भारतीयों की भावनाओं को आहत किया है। भाजपा ने मांग की है कि गाली देने वाले और पूरे कार्यक्रम के आयोजकों सहित मंच पर मौजूद नेताओं पर सख्त धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस अवसर पर हनी पाठक के साथ प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन, सुषमा, हेमा परिहार, लता सेमवाल, सुनीता तमांग, तनुजा बिष्ट, आशा बिष्ट, राजकुमारी, तसलीमा, ममता मोरिया, अनीता भट्ट, रुचि रावत, बीना सुयाल, रूपा, संगीता, दीपा कश्यप, रानी, अनीता देवी, सीता देवी समेत बड़ी संख्या में भाजपा महिला पदाधिकारी व वरिष्ठ नेत्रियां मौजूद रहीं।