देहरादून ,
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आज नेहरू कॉलोनी, देहरादून में दो अवैध व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया। प्राधिकरण की यह सख्ती साफ संकेत है कि नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे अवैध निर्माण अब बर्दाश्त नहीं होंगे।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई आकाश दीप भारद्वाज और अनीता वर्मा द्वारा किए गए अवैध व्यावसायिक निर्माणों पर की गई। sealing अभियान के दौरान सहायक अभियंता राजेन्द्र बहुगुणा, अवर अभियंता मुनेश राणा, विजय सिंह तथा सुपरवाइजर सहित एमडीडीए की टीम मौके पर मौजूद रही।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेशभर में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि देहरादून को योजनाबद्ध और स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करना प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
तिवारी ने जनता से अपील की कि वे निर्माण कार्य केवल प्राधिकरण से अनुमति प्राप्त कर एवं स्वीकृत नक्शे के अनुसार ही करें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
एमडीडीए की यह पहल शहर को नियोजित, सुरक्षित और सुव्यवस्थित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।