देहरादून ,
उत्तराखंड सरकार ने सीमांत जिलों में हवाई नेटवर्क को मज़बूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) और गौचर (चमोली) स्थित हवाई पट्टियों का संचालन अब भारतीय वायुसेना (IAF) के हवाले किया जाएगा। वहीं, पिथौरागढ़ हवाई अड्डे का संचालन एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) संभालेगी।
सरकार पिथौरागढ़ एयरपोर्ट का विस्तार भी करने जा रही है, जिस पर करीब 450 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इस विस्तार से यहां हवाई सेवाओं में और बढ़ोतरी होने की संभावना है। राज्य सरकार और AAI के बीच इसके लिए एमओयू पर सहमति बन चुकी है।
इसके साथ ही गुंजी से आदि कैलाश क्षेत्र में भी एक किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी बनाने की तैयारी है। इसके निर्माण में तकनीकी सहयोग भारतीय वायुसेना करेगी।
राज्य सरकार का मानना है कि सीमांत प्रदेश में हवाई सेवाओं का विस्तार स्थानीय निवासियों की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ सामरिक दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।