धर्मपुर विधानसभा में बदहाल सड़कों और सीवर समस्या को लेकर महिला कांग्रेस का हल्ला बोल – uttarakhandawaaz.in

धर्मपुर विधानसभा में बदहाल सड़कों और सीवर समस्या को लेकर महिला कांग्रेस का हल्ला बोल

देहरादून  ,

उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में शुक्रवार को महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों, टूटी नालियों और ओवरफ्लो हो रहे सीवर की समस्याओं को लेकर लोक निर्माण विभाग कार्यालय, कारग कबाड़ी बाजार धर्मपुर का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने तालाबंदी कर विभाग को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया कि ब्राह्मणवाला, दून यूनिवर्सिटी मार्ग, बंजारावाला, मथुरावाला, केदारपुर, दीपनगर और आईएसबीटी की आंतरिक सड़कें पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और आमजन का जीवन संकट में है। वहीं टूटी नालियों व ओवरफ्लो सीवर की वजह से क्षेत्रीय लोगों को जलभराव, गंदगी और बदबू से जूझना पड़ रहा है।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक ने सड़कों पर कोई ध्यान नहीं दिया। जो काम हुआ भी है, वह गुणवत्ता विहीन है। उन्होंने कहा—
“यह सिर्फ विकास की विफलता नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ है। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सबसे अधिक परेशान हैं। यदि विभाग ने तत्काल कार्रवाई नहीं की, तो महिला कांग्रेस को उग्र आंदोलन करना पड़ेगा।”

महिला कांग्रेस ने मांग रखी—

  • सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत

  • नालियों की सफाई और पुनर्निर्माण

  • ओवरफ्लो सीवर की समस्या का स्थायी समाधान

  • नियमित निरीक्षण और रखरखाव की व्यवस्था

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समस्याओं को नजरअंदाज किया गया, तो क्षेत्रीय जनता के साथ आंदोलन और तेज किया जाएगा।

इस मौके पर प्रदेश महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, महासचिव पुष्पा पंवार, सुशीला शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष ललित बद्री, नवीन छेत्री, आलोक मेहता, मोहन गुरुंग, पुनीत चौधरी, शाहिद जमाल अहमद, तेग बहादुर समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *