श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में हुआ ज्ञानयात्रा का दीक्षारंभ

दो दिवसीय कार्यक्रम में उमड़ा जोश, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समा

देहरादून ,

शिक्षा केवल डिग्री नहीं, बल्कि जीवन का संस्कार है। इसी संदेश के साथ श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) में सोमवार को सत्र 2025-26 के नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का दीक्षारंभ समारोह आयोजित हुआ। नई उम्मीदों और संकल्पों के साथ विद्यार्थियों ने राष्ट्र एवं समाज की प्रगति में योगदान देने की शपथ ली।

दो दिवसीय यह भव्य कार्यक्रम 18 व 19 अगस्त तक आयोजित हो रहा है, जिसमें विश्वविद्यालय के 9 स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डाॅ.) कुमुद सकलानी, रजिस्ट्रार डाॅ. लोकेश गम्भीर और छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. (डाॅ.) मालविका कांडपाल ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर माननीय प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने अपने संदेश में कहा, “शिक्षा तभी सार्थक है जब वह चरित्र निर्माण और समाज सेवा की ओर प्रेरित करे।”

कुलपति प्रो. सकलानी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा—“जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। बड़े सपने देखिए और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर परिश्रम कीजिए।” उन्होंने विद्यार्थियों को मानवीय मूल्यों और नेतृत्व क्षमता के विकास पर भी जोर देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की विशेष झलकियाँ:

  • डॉ. शोभित गर्ग (चेयरपर्सन काउंसलिंग कमेटी) ने विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन व मानसिक स्वास्थ्य पर उपयोगी टिप्स दिए।

  • छात्रों को विश्वविद्यालय की कार्यप्रणाली से अवगत कराने हेतु 17 मिनट का वीडियो प्रेजेंटेशन दिखाया गया।

  • परीक्षा नियंत्रक प्रो. संजय शर्मा पोखरियाल ने परीक्षा प्रणाली, परिणाम और डिग्री से संबंधित जानकारियाँ साझा कीं।

  • वरिष्ठ छात्रों ने योग-आधारित नृत्य, नृत्य नाटिका और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं।

  • बॉलीवुड, गढ़वाली, पंजाबी और नेपाली गीतों पर प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया।

दीक्षारंभ कार्यक्रम का संचालन डाॅ. श्रेया कोटनाला ने किया। समापन प्रो. (डाॅ.) मालविका कांडपाल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रीय गान के साथ हुआ।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक, अधिकारी व छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *