उत्तरकाशी ,
उत्तरकाशी के धराली में रेस्क्यू ऑपरेशन पर जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खराब मौसम के बावजूद अब तक 1,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, जिनमें स्थानीय लोग और देशभर से आए तीर्थ यात्री शामिल हैं। घायलों को जिला अस्पताल और एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज की पूरी व्यवस्था की गई है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हर्षिल व धराली क्षेत्र में दवाइयां, दूध, राशन और कपड़े पहुंचा दिए गए हैं। बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए उरेडा का पावर हाउस चालू किया गया है, यूपीसीएल तारों की मरम्मत कर रहा है और मोबाइल नेटवर्क सुधारा गया है। सड़क कनेक्टिविटी बहाली के लिए गंगनानी में बेली ब्रिज का निर्माण जारी है और मंगलवार तक हर्षिल तक सड़क मार्ग पूरी तरह खोलने की संभावना है।
उन्होंने घोषणा की कि प्रभावित परिवारों को अगले छह महीने का राशन और पूर्णतः क्षतिग्रस्त मकानों के पुनर्वास हेतु ₹5 लाख की सहायता दी जाएगी। इसके लिए सचिव, राजस्व की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है, जो पुनर्वास, विस्थापन और हानि का आकलन करेगी। सेब के बगीचों के नुकसान का भी आकलन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पौड़ी के सैंजी और बांकुड़ा गांव के क्षतिग्रस्त घरों को भी ₹5 लाख की सहायता दी जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है।