देहरादून,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को आयोजित रक्षाबंधन समारोह 2025 में प्रदेश की मातृशक्ति को समर्पित भावुक संबोधन में खुद को मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि एक “भाई” के रूप में प्रस्तुत किया। गढ़ी कैंट स्थित हरबंस कपूर मेमोरियल कम्युनिटी हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत भी उपस्थित रहे।
सीएम धामी ने कहा, “अगर प्रदेश की किसी भी बहन या बेटी को कभी कोई परेशानी हो, तो वह सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय में संपर्क कर सकती हैं। मेरा प्रयास रहेगा कि मैं व्यक्तिगत रूप से उनकी समस्याओं का समाधान कर सकूं।”
“जल सखी योजना” और महिला सशक्तिकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने ग्रामीण महिलाओं की आजीविका बढ़ाने के उद्देश्य से जल्द ही “जल सखी योजना” शुरू करने की घोषणा की। इस योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, कनेक्शन, बिल वितरण व वसूली और रखरखाव का कार्य महिला स्वयं सहायता समूहों को सौंपा जाएगा।
उन्होंने कहा, “ये केवल योजनाएं नहीं हैं, बल्कि मेरी बहनों के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की अभिव्यक्ति हैं।”
महिला उद्यमिता को बढ़ावा
धामी ने बताया कि उत्तराखंड की महिलाएं आज “हाउस ऑफ हिमालयाज” जैसे ब्रांड के जरिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपने उत्पाद पहुंचा रही हैं। उन्होंने “लखपति दीदी योजना” का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश में 1.63 लाख से अधिक महिलाएं इस योजना के तहत आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन चुकी हैं।
वहीं, “मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना” के तहत 30,000 से अधिक महिलाएं 5 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर चुकी हैं।
नारी सशक्तिकरण की दिशा में ठोस कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30% क्षैतिज आरक्षण देकर रोजगार के क्षेत्र में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की है। साथ ही, स्वयं सहायता समूहों को करोड़ों रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना
सीएम धामी और केंद्रीय मंत्री शेखावत, दोनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महिला सशक्तिकरण योजनाओं — जैसे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, सुकन्या समृद्धि योजना — की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं अंतरिक्ष मिशनों से लेकर सेना में नेतृत्व तक, हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
समारोह में उमड़ा महिला शक्ति का सैलाब
रक्षाबंधन समारोह में राज्यभर से भारी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। सीएम ने उन्हें रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए पंचायत चुनावों में समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी और भाजपा युवा मोर्चा की उपाध्यक्ष नेहा जोशी भी उपस्थित रहीं।