आदेशों की अवहेलना पर डीएम ने राजस्व कानूनगो को किया निलंबित, लापरवाह कर्मियों में हड़कंप

देहरादून ,

जिलाधिकारी सविन बंसल ने शासकीय आदेशों की अवहेलना और राजस्व प्रकरणों को वर्षों तक लंबित रखने के गंभीर आरोप में राजस्व कानूनगो राहुल देव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कड़ी कार्रवाई से प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है और लापरवाह अधिकारियों व कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश गया है कि अब कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दरअसल, डीएम द्वारा आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में गांधी रोड निवासी रविन्द्र सिंह ने अपनी फरियाद में बताया कि उनकी भूमि के संबंध में धारा 28 के अंतर्गत पारित आदेश 16 मई 2018 को ही कलक्टर द्वारा जारी कर दिए गए थे। तहसील से परवाना भी प्राप्त हो गया था और आर-6 में संबंधित प्रविष्टि वर्ष 2023 में दर्ज की जा चुकी थी। साथ ही नक्शा दुरुस्ती की प्रक्रिया भी दिसंबर 2023 में संबंधित कानूनगो को सौंप दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद आज तक उसका क्रियान्वयन नहीं किया गया।

शिकायत की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए तहसीलदार सदर को निर्देश दिए कि आदेशों की अनदेखी करने वाले कानूनगो के निलंबन की पत्रावली प्रस्तुत की जाए। तत्पश्चात, राजस्व कानूनगो माजरा, राहुल देव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

इस कार्रवाई से जहां प्रशासनिक व्यवस्था में सख्ती का संदेश गया है, वहीं कई अधिकारियों व कर्मचारियों में निलंबन का भय भी व्याप्त हो गया है। जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि शासनादेशों और जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *