देहरादून-मसूरी व हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर सेवा शुरू, डिजिटल टिकटिंग और ट्रैकिंग की सुविधा भी मिलेगी
देहरादून,
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय से उत्तराखंड परिवहन निगम की नई पहल के तहत 20 वातानुकूलित यूटीसी मिनी टैम्पो ट्रैवलर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें से 10 वाहन देहरादून-मसूरी और 10 वाहन हल्द्वानी-नैनीताल रूट पर संचालित किए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य पर्यटक रूटों पर भीड़भाड़ और जाम की समस्या को कम करना है।
मुख्यमंत्री ने किया टैम्पो ट्रैवलर से सफर
फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री धामी ने कैंप कार्यालय से जीटीसी हेलीपैड तक स्वयं टैम्पो ट्रैवलर में सफर कर सेवाओं का अनुभव लिया। उन्होंने कहा कि यदि यह सेवा सफल रही, तो इसे राज्य के अन्य हिस्सों में भी विस्तार दिया जाएगा।
परिवहन व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा, “वातानुकूलित टैम्पो ट्रैवलर न केवल यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाएंगे, बल्कि यह सेवा किफायती भी होगी। इससे पर्यटन और राज्य की अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा। हमारा प्रयास है कि राज्य के हर कोने को बेहतर सड़क नेटवर्क और विश्वसनीय परिवहन सेवा से जोड़ा जाए।”
उन्होंने कहा कि परिवहन निगम की सेवाएं अब डिजिटल टिकटिंग, ऑनलाइन बुकिंग और ट्रैकिंग जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं, जिससे जनता को सुविधा मिल रही है।
इलेक्ट्रिक बसें जल्द होंगी शामिल
मुख्यमंत्री ने बताया कि निगम के बेड़े में जल्द इलेक्ट्रिक बसों का भी समावेश किया जाएगा। इसके लिए बस खरीद प्रक्रिया चल रही है। साथ ही उन्होंने निगम कर्मियों के हित में किए गए कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि 7वां वेतन आयोग लागू करने, डीए वृद्धि और नई भर्तियों जैसे निर्णयों से कर्मचारियों को राहत मिली है।
उपस्थित गणमान्य
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, प्रमुख सचिव एवं परिवहन निगम अध्यक्ष एल. फैनई, एमडी रीना जोशी सहित परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।