काशी पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बाबा विश्वनाथ का किया दर्शन

मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक में होंगे शामिल – बोले, “विकसित भारत के सपने में सभी राज्यों की भागीदारी जरूरी”

देहरादून ,
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा विश्वनाथ धाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री ने विश्वनाथ कॉरिडोर का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं की सराहना की और कहा कि “काशी आकर आत्मिक ऊर्जा और दिव्यता का अनुभव होता है।”

मुख्यमंत्री धामी ने कहा –

“भगवान विश्वनाथ की नगरी में आना हमेशा सुखद अनुभव होता है। हम देवभूमि उत्तराखंड से यहां आए हैं और इस पावन स्थल पर आकर गहरी श्रद्धा और ऊर्जा का अनुभव होता है।”

प्रशासनिक उद्देश्य भी अहम: मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक

मुख्यमंत्री धामी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद (Central Zonal Council) की बैठक में भाग लेने वाराणसी पहुंचे हैं। बैठक में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों के आपसी सहयोग, आंतरिक सुरक्षा, आधारभूत ढांचे, और शासन व्यवस्था जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा –

“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने में सभी राज्यों की सक्रिय भूमिका आवश्यक है। काशी में होने वाली यह बैठक सहयोग और समन्वय का महत्वपूर्ण मंच है।”

धार्मिक और प्रशासनिक दृष्टि से अहम दौरा

मुख्यमंत्री धामी का यह दौरा धार्मिक आस्था और प्रशासनिक भागीदारी – दोनों ही दृष्टियों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जहां एक ओर उन्होंने बाबा विश्वनाथ से प्रदेश की समृद्धि और शांति की कामना की, वहीं दूसरी ओर वे क्षेत्रीय समन्वय को मजबूत करने के प्रयासों में सहभागी बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *