मध्य क्षेत्रीय परिषद बैठक की तैयारियों को लेकर सीएम धामी की उच्चस्तरीय बैठक, बच्चों के समग्र विकास पर दिया विशेष जोर

देहरादून ,

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में एक उच्चस्तरीय बैठक कर आगामी 24 जून को वाराणसी में आयोजित होने वाली मध्य क्षेत्रीय परिषद की 25वीं बैठक की तैयारियों की समीक्षा की। इस बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्तराखंड से प्रस्तुत किए जाने वाले प्रस्ताव “इकोलॉजी और इकोनॉमी के समन्वय” की भावना को दर्शाते हों और राज्य के समग्र, सतत व संतुलित विकास को गति देने वाले हों। उन्होंने नवाचारपरक और प्रभावी सुझावों को प्राथमिकता देने की बात कही।

बच्चों के पोषण और विकास को लेकर एकीकृत योजना पर बल

बैठक में मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बच्चों के पोषण, शारीरिक और मानसिक विकास पर ज़ोर देते हुए कहा कि बच्चों का भविष्य ही राज्य और देश का भविष्य है। इसके लिए समेकित, लक्ष्य आधारित योजना बनाई जाए।
उन्होंने आईसीडीएस, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य और खेल विभाग को समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य सेवाएं, खेल गतिविधियाँ और मानसिक विकास के अवसर एकसाथ उपलब्ध हो सकें।

आयुष्मान योजना और हेल्पलाइन 112 के प्रचार पर जोर

मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में आयुष्मान योजना के तहत अनिवार्य पंजीकरण सुनिश्चित कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर नागरिक को इस योजना का लाभ मिले, यह प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।

इसके साथ ही उन्होंने आपातकालीन स्थिति में नागरिकों को त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए 112 हेल्पलाइन नंबर के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।

कुपोषण और एनीमिया के मामलों की सतत समीक्षा की हिदायत

मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग को नियमित रूप से कुपोषण और एनीमिया के मामलों की समीक्षा करने और बच्चों की स्थिति में सुधार के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने जिलास्तर पर निगरानी और मूल्यांकन तंत्र को और मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

वरिष्ठ अधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, एडीजी ए.पी. अंशुमन, सचिव विनोद कुमार सुमन, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *